सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में आधार कार्ड बनवाने के लिए लगी भीड़।
सुल्तानपुर। प्रधान डाकघर में शनिवार को आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोगों को फिर परेशानी झेलनी पड़ी। नए आधार के नामांकन तो हुए लेकिन बायोमीट्रिक अपडेट कराने वाले लोगों को सर्वर की समस्या से जूझना पड़ा। कई बार सर्वर फेल होने के बाद आधार अपडेट नहीं हो सका। इसकी शिकायत लोगों ने डाक विभाग के अधिकारियों से की।
डाकघर में शनिवार को भी सुबह से लोगों की कतार लग गई। कुछ बच्चों के नए आधार तो बने लेकिन वयस्कों के बायोमीट्रिक अपडेट में समस्या आ गई। डाकघर के बाहर खड़े रत्नेश, राजकुमार, रोहित, आवेश अहमद ने बताया कि दिन में कई बार सर्वर फेल हुआ। सर्वर फेल होने से बायोमीट्रिक अपडेट में अंगुलियों के निशान, आंखों की पुतली का अपडेट उसके साथ ही डेमोग्राफिक अपडेट नहीं हो सका। इस वजह से आवेदकों को निराश होना पड़ा। इस संबंध में पोस्टमास्टर एसके चौबे ने बताया कि सर्वर की दिक्कत से कुछ परेशानी हुई थी। बाद में सर्वर ठीक होने पर दोबारा अपडेशन का कार्य किया गया।
कांग्रेस नेता ने की सीएम पोर्टल पर शिकायत
राशनकार्ड धारकों का आधार सत्यापन सितंबर तक कराने का निर्देश दिया गया है। अधिकांश का आधार अपडेट नहीं है। इसके लिए बैंकों और डाकघरों में लंबी लाइन लगानी पड़ रही हैं। कांग्रेसी नेता रणजीत सिंह सलूजा ने सीएम पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बैंकों में कम आधार कार्ड बनाए जाने की शिकायत की है। इसके अलावा जन सुविधा केंद्रों को भी आधार अपडेट की मान्यता दिया जाने की मांग की है।
डाकसेवकों से बनवाएं बच्चों के आधार
डाक अधीक्षक हिमांशु तिवारी ने बताया कि डाक सेवक जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों का आधार बना सकते हैं। इसके लिए स्थानीय उपडाकघर से संपर्क करके डाक सेवक के माध्यम से बच्चों का आधार आसानी से बनवाया जा सकता है। बच्चों के आधार के लिए जन्म प्रमाणपत्र व माता-पिता दोनों का आधार होना जरूरी है।