गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बांसगांव के पास शुक्रवार को कार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
गोसाईगंज के मधुबन निवासी प्रमोद कुमार धुरिया (22) शुक्रवार दोपहर बाद पेट्रोल पंप से बाइक में तेल भरवाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में वे बांसगांव के पास सामने से आ रही कार से उनकी टक्कर लग गई। हादसे में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर पहुंचाया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रमोद ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने कार सहित चालक को पकड़ लिया है।
अविवाहित प्रमोद चार भाइयों व एक बहन में तीसरे नंबर पर थे। पिता राजकरन धुरिया किसान हैं। बेटे की मौत से पिता व मां श्यामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष रामाशीष उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।