सुल्तानपुर। घर से बुलाकर साथ ले गए तीन युवकों ने एक युवक को गोली मार दी। युवक को मरा समझ कर तीनों आरोपी फरार हो गए। राहगीरों ने युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव निवासी दिनेश वर्मा (20) पुत्र राम पूजन वर्मा मंगलवार को घर पर मौजूद था। इस बीच दो बाइकों से तीन युवक उसके घर पहुंचे। तीनों युवक दिनेश को बाइक पर बैठकर नेवादा गांव ले गए।
नेवादा पहुंचने के बाद तीनों युवकों ने दिनेश को बाइक से नीचे उतारकर उसे गोली मार दिया। गोली मारने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। राहगीरों ने घायल दिनेश को सीएचसी पहुंचाया। इस बीच जानलेवा हमले की जानकारी मिलते ही कादीपुर कोतवाल श्याम नारायण पांडेय सीएचसी पहुंचे और घायल से पूछताछ की।
दिनेश की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि दिनेश ने बयान में कहा है कि निशांत सिंह, रीतेश सिंह और एसपी सिंह निवासी गुदरा ने उसे गोली मारी है।