मोतिगरपुर। रामगढ़ बाजार में बृहस्पतिवार की शाम मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने दामोदरपुर निवासी संजय की पिटाई कर उसे सड़क के किनारे फेंक दिया। परिजनों को वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे घर लेकर आए, जहां सुबह चारपाई पर मृत मिला। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने सब्जी विक्रेता किशन सिंह के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दामोदरपुर निवासी संजय (20) सब्जी लेने घर से कुछ दूर स्थित रामगढ़ बाजार गए थे। सब्जी विक्रेता किशन सिंह निवासी बहाउद्दीनपुर, थाना गोसाईगंज से किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद के कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि संजय रामगढ़–काछा भिटौरा मार्ग पर गांव के किनारे अचेत पड़े हैं। परिजन मौके पर पहुंचे, उन्हें घर ले आए और चारपाई पर लिटा दिया।
शुक्रवार सुबह संजय चारपाई पर मृत मिले। संजय के बड़े भाई रवि कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर संजय मिले, वह रामगढ़ बाजार से सिर्फ 300 मीटर दूर है। रात में होश आने पर संजय ने बताया था कि किशन सिंह ने बुरी तरह पिटाई की थी। संजय की पीठ व अन्य हिस्सों पर बेल्ट व रॉड से मारने के निशान थे। उनकी दाहिनी आंख भी जख्मी थी।
घटना की जानकारी पाकर बेलवारी चौकी इंचार्ज शिव बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष मोतिगरपुर अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ रामकृष्ण चतुर्वेदी, गोसाईगंज, जयसिंहपुर, कोतवाली देहात व करौंदीकला की पुलिस भी मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि युवक के साथ मारपीट या घायल होने की सूचना पुलिस को नहीं मिली थी। परिजन युवक को रात में घर लेकर चले गए। न उसका इलाज कराया और न पुलिस को सूचना दी।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर मृतक के भाई रवि कुमार की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी किशन सिंह को दिन में गिरफ्तार कर लिया गया है।
युवक की मौत से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। संजय के परिवार में मां सुनीता, बड़े भाई रवि कुमार (23), छोटे भाई मंजय (16) और अमित (7) के अलावा दो विवाहित बहनें कंचन व रंजना हैं। पिता परशुराम की दो साल पहले ही मृत्यु हो चुकी है।