सुल्तानपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर उचक्के ने महिला यात्री को झांसा देकर उनका सूटकेस गायब कर दिया। सूटकेस में करीब चार लाख रुपये के गहने और कपड़े थे।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के पूरेगंगा पांडेय महुली गांव निवासी रामसागर पांडेय की पुत्री प्रतिमा अपनी बहन ज्योत्सना को दानापुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस पर बिठाने के लिए बुधवार को सुबह सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन आई थी। वह प्लेटफार्म नंबर तीन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। ट्रेन आने के समय करीब 11:30 बजे एक युवक उनके पास पहुंचा। वह ट्रेन में सामान चढ़ाने में मदद करने के बहाने ज्योत्सना का एक सूटकेस लेकर भाग निकला। प्रतिमा की तहरीर पर जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि हुलिये के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी की जांच में घटना की रिकाॅर्डिंग नहीं मिली है। आरपीएफ प्रभारी राजकुमार भारद्वाज ने कहा कि तीनों प्लेटफार्म के कैमरों को ट्रैस किया जा रहा है। जांच में जीआरपी का सहयोग किया जाएगा।
स्टेशन पर लगे हैं आरपीएफ के 40 कैमरे
रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफार्म तक आरपीएफ ने 40 सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। इसमें कुछ मूविंग कैमरे भी हैं, जिनसे हर गतिविधि पर नजर रखी जाती है। किंतु घटना के दिन प्लेटफार्म नंबर तीन के कैमरों की रिकाॅर्डिंग नहीं मिलने से जांच में असुविधा हो रही है।