हयातनगर में निकले जुलूस में तकरीर करते मौलाना। स्रोत-आयोजक
गोसाईगंज। वक्फ इमामबाड़ा हयातनगर से रविवार को कमेटी तमन्ना-ए-मूसा की ओर जुलूस निकाला गया। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंची अंजुमनों ने शिरकत की। बड़ी संख्या में अकीदतमंद, जायरीन और स्थानीय लोग जुलूस में शामिल हुए। अंजुमनों ने नौहाख्वानी और मातम पेश किया, जिससे माहौल गमगीन रहा।
लखनऊ से आए मौलाना अब्बास इरशाद ने मजलिस को संबोधित किया। जाहिद काजमी और मौलाना शारिब अब्बास ने तकरीर पेश की। मौलानाओं ने धार्मिक व सामाजिक विषयों पर विचार रखते हुए आपसी भाईचारे, एकता और इंसानियत का संदेश दिए। मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। समापन पर कमेटी तमन्ना-ए-मूसा के अध्यक्ष कायम मेहंदी चांद ने अंजुमनों, अकीदतमंदों, जायरीन और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का भी शुक्रिया अदा किया। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।