चांदा। कोइरीपुर के शास्त्रीनगर वार्ड में रविवार सुबह घर में खेल रही एक साल की मासूम बच्ची पानी से भरे बड़े भगोने में गिर गई। इससे पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई।मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
शास्त्रीनगर निवासी मोहम्मद युनुस सऊदी में रहते हैं। उनकी तीन बेटियां थीं। मोहम्मद युनूस की पत्नी कबीरुल निशा ने बताया कि सबसे छोटी पुत्री गुलनूर (01) रविवार सुबह करीब 10 बजे घर के बरामदे में खेल रही थी। बरामदे में पानी से भरा एक बड़ा भगोना रखा था। खेलते-खेलते गुलनूर भगोने के पास पहुुंच गई। उस समय कबीरुल निशा घर के एक कमरे में कुछ काम करने गई थीं। कुछ देर बाद जब वह बरामदे में पहुंचीं तो गुलनूर को पानी से भरे भगोने में गिरा देखकर उनकी चीख निकल गई।
शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन बच्ची को एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची के शव को कोइरीपुर स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया। मासूम बेटी की मौत से कबीरुल निशा बेहाल हैं। बड़ी बहनें अल्फिया (07) और जुनेरा (05) का भी रो-रोकर बुरा हाल है। चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।