सुल्तानपुर। अखंडनगर थाने के बरामदपुर गांव के पास 11 दिन पूर्व अधेड़ से हुई मोबाइल लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। अधेड़ का सिर्फ एक हजार का मोबाइल छीनने के लिए बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी।
बाद में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में अधेड़ की मौत हो गई थी। पुलिस ने घटना में शामिल तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करते हुए तमंचा व कारतूस के साथ ही बाइक बरामद की है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव निवासी मनीराम यादव (49) 31 अक्तूबर की शाम साइकिल से सुरुहुरपुर बाजार गए थे। देर शाम वे बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में बरामदपुर गांव के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाश मनीराम से मोबाइल सेट लूटने लगे।
मनीराम ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। परिवारीजनों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया था, जहां चार नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। एसपी हिमांशु कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अखंडनगर बेंचू सिंह यादव और स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप यादव को जिम्मेदारी सौंपी थी।
पुलिस और स्वाट टीम पूरी घटना की तफ्तीश में जुटी थी। सोमवार की सुबह एसओ अखंडनगर को सूचना मिली कि मनीराम की हत्या में शामिल बदमाश बाइक से संसारपट्टी की तरफ से आ रहे हैं और कलान की तरफ जाएंगे।
सूचना मिलते ही एसओ ने स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप को साथ लेकर रास्ते में घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोका तो वे बाइक घुमाकर भागने लगे।
पुलिस ने बाइक सवार तीनों युवकों का दबोच लिया। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो दो तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान शुभम सिंह, शिवम सिंह निवासी बांधगांव और विश्वनारायण पाठक उर्फ मोनू उर्फ बजरंगी निवासी पठकौली भगासा थाना सरपतहा जिला जौनपुर के रूप में की गई।
एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश 31 अक्तूबर को अखंडनगर में एक रोटावेटर की दुकान के मालिक से लूटपाट करने पहुंचे थे, लेकिन दुकानदार मौजूद नहीं मिला इसलिए वापस जा रहे थे। रास्ते में बदमाश मनीराम का मोबाइल सेट लूट रहे थे।
मनीराम ने इसका विरोध किया और बदमाशों से भिड़ गया। बदमाशों ने राज न खुले इसलिए मनीराम को गोली मार दी थी। एसपी ने बताया कि घटना में दो अन्य अपराधी और शामिल थे। जो अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।