कादीपुर। अमरेथू डंड़िया के पास रविवार रात करीब नौ बजे बाइक व मोपेड की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में मोपेड सवार अखंडनगर के अलीपुर कांपा निवासी फेरी लगाने वाले सतीश (50) की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार जौनपुर जिले के शाहगंज के कोरवरिया निवासी सनोज (27) व सरपतहा के रामनगर कटघर के रहने वाले अंकित (26) घायल हो गए। घायलों को कादीपुर सीएचसी पहुंचाया गया।
परिजनों के अनुसार सतीश रविवार को गौरी शंकर धाम में लगे मेले में फेरी लगाकर बच्चों का खिलौना बेचने गए थे। देर शाम वह मेले से मोपेड से अपने घर आने के लिए निकले थे। कादीपुर-अखंडनगर मार्ग पर अमरेथू डंड़िया गांव के निकट बाइक से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक सवार सनोज व अंकित घायल हो गए। बाइक सनोज चला रहे थे। अंकित पीछे बैठे थे।