भदैंया। कोतवाली देहात के वजूपुर कुड़िया निवासी इंद्रपाल निषाद के पुत्र अनिल निषाद (18) का शव बृहस्पतिवार सुबह कमरे की छत में हुक से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात भोजन करने के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया था। बृहस्पतिवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा तो शव कमरे में लगे हुक के सहारे साड़ी के फंदे से लटका मिला। कमरे में उसका मोबाइल मिला है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (संवाद)
फंदे से लटका मिला किसान का शव
कूरेभार। चंदीपुर निवासी किसान राजेंद्र मिश्र (55) का शव बृहस्पतिवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित आम की पेड़ की डाल से रस्सी के फंदे पर लटका देखा गया। परिजनों व ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा। मृतक के परिवार में पत्नी लली मिश्रा, बड़ा बेटा संदीप (25) व छोटा बेटा करन (09) हैं। कूरेभार थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के संबंध में छानबीन की जा रही है। (संवाद)