सुल्तानपुर। अंबेडकर नगर के अकबरपुर कोतवाली के मूसेपुर ग्रेंट निवासी पंकज कुमार की शिकायत पर पूर्व होमगार्ड अच्छेलाल पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। राघवपुर ईरूल निवासी अच्छेलाल पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र व मार्कशीट लगाकर नौकरी करने और आरक्षण का गलत तरह से फायदा उठाने का आरोप है।
शिकायतकर्ता पंकज कुमार ने बताया कि उन्होंने 22 दिसंबर 2023 को संबंधित विभाग में शिकायत की थी। जिला कमांडेंट होमगार्ड ने पूरे प्रकरण की जांच कराई। जिसमें पता चला कि होमगार्ड अच्छे लाल ज्यादा पढ़ा- लिखा नहीं है। जांच में जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर उसे दोषी पाया गया।
होमगार्ड विभाग से आरोपी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद उसे विभाग से 16 अक्तूबर 2023 को निष्कासित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक से भी 14 अगस्त को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किए जाने शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर पंकज ने न्यायालय में याचिका दायर किया। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर अच्छेलाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। (संवाद)