पुरानी बाजार स्थित दुकान के भीतर गत्तों में रखे पटाखे।
- फोटो : पुरानी बाजार स्थित दुकान के भीतर गत्तों में रखे पटाखे।
सुल्तानपुर। अयोध्या में पटाखे में विस्फोट से कई लोगों मौत के बाद सुल्तानपर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। शनिवार रात कोतवाली पुलिस ने एक कॉस्मेटिक की दुकान में छापा मारकर अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा।
दुकानदार के पास न पटाखे के भंडारण का लाइसेंस था न ही बिक्री का। दुकान में अग्निशमन यंत्र भी नहीं लगा था। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।
शाहगंज चौकी प्रभारी वंदना अग्रहरि के मुताबिक, शनिवार रात वह शाहगंज चौराहे पर उप निरीक्षक शिवानंद यादव व कांस्टेबल संदीप कुमार के साथ मौजूद थीं। तभी जानकारी मिली कि पुरानी बाजार में एक कॉस्मेटिक की दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। पुलिस टीम कॉस्मेटिक की दुकान पर पहुंची तो बाहर एक व्यक्ति खड़ा मिला। पुलिस को देखकर वह दरवाजा बंद कर भागने लगा। इस पर उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान सौरभ गुप्ता के रूप में हुई। कड़ाई से पूछने पर सौरभ ने बताया कि दुकान के पीछे कमरे में अवैध पटाखा बेचने के लिए रखा गया है। पुलिस ने तलाशी ली तो बोरे व गत्ते में पटाखे मिले। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बरामद अवैध पटाखों को बोरे व गत्ते में रखकर सील किया गया है।
आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दीपावली पर अवैध पटाखों के भंडारण व बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।