हसनपुर-वीबीगंज मार्ग पर स्थित नाले का जर्जर पुल।
सुल्तानपुर। दूबेपुर के हसनपुर-वीबीगंज संपर्क मार्ग के गभड़िया नाले पर 83.47 लाख रुपये से छोटा पुल बनाया जाएगा। शासन ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के प्रस्ताव पर इसकी स्वीकृति दे दी है। बीते वित्तीय वर्ष के अंतिम समय में स्वीकृति मिलने पर विभाग ने कार्य कराने से हाथ खड़े करते हुए धनराशि शासन को लौटा दी थी।
शासन की ओर से दोबारा धनराशि आवंटित करने के आश्वासन पर विभाग ने पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के मुताबिक, बीते वित्तीय वर्ष के मार्च के अंतिम सप्ताह में स्वीकृति के साथ धनराशि की पहली किस्त मिली थी। इस दौरान कार्य पूरा नहीं होने की डर से विभाग ने धनराशि को वापस कर दी थी। आश्वासन के बाद विभाग की ओर से टेंडर आमंत्रित करने के लिए विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नया पुल बनने से 20 से अधिक गांवों को फायदा मिलेगा।
पांच मीटर चौड़ा बनेगा पुल
अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि हसनपुर-वीबीगंज मार्ग के नाले पर बना संकरा पुल जर्जर हो गया है। वाहनों के आवागमन के दौरान खतरा बना है। विभाग के प्रस्ताव पर स्वीकृति मिली है। नया पुल पांच मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष में ही इसका कार्य पूरा करा दिया जाएगा। चौड़ा पुल बनने से इस संपर्क से आवागमन करने वाले लोगों की समस्याएं दूर हो जाएंगी।