गौरीगंज। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बाद अगवा किया गया किशोर देर शाम सकुशल अपने घर पहुंच गया। वारदात के तत्काल बाद सक्रिय पुलिस के दबाव में अपहर्ता किशोर को उसके घर के पास छोड़कर भाग निकले। कुछ ही घंटे में किशोर के सकुशल मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव पूरे पीतांबर पांडेय मजरे टीकरमाफी निवासी किसान माता प्रसाद पांडेय का पुत्र नीरज अमेठी स्थित अपने फूफा अनंत मिश्र के घर रहकर पढ़ाई करता है। रविवार दोपहर बाद नीरज और उसका चचेरा भाई मोहित पांडेय पुत्र गुरुप्रसाद पांडेय कालिकन धाम जा रहे थे। दोनों भाई कालिकन धाम के पास पहुंचे ही थे कि अचानक पहुंचे कार सवार तीन बदमाशों ने दोनों को रोक लिया। दोनों जब तक कुछ समझा पाते बदमाशों ने नीरज को मारपीट कर उसे अगवा कर लिया जबकि मोहित मौके से भागने में सफल रहा। किशोर के अपहरण की सूचना मिलते ही एसपी हीरालाल दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए और संदिग्धों से पूछताछ शुरू करने के साथ ही कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगा दिया। इसी बीच बदमाशों ने नीरज के फूफा को फोनकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। हालांकि पुलिस के दबाव का आलम यह रहा कि वारदात से बमुश्किल तीन घंटे के अंदर बदमाश नीरज को उसके पैतृक गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित बालीपुर के पास छोड़ कर भाग निकले।