सुल्तानपुर। कोतवाली नगर से चंद कदम दूरी पर बाइक सवार तीन लुटेरों ने एक किराना व्यवसायी की कनपटी पर तमंचा सटाकर सात लाख रुपये लूट लिए। अलसुबह व्यवसायी के साथ हुई लूट की वारदात से शहर में दहशत फैल गई। दर्जनों की संख्या में लामबंद व्यापारी पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंच गए। घटना को लेकर एसपी से मुलाकात नहीं होने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के गांधीनगर मकान नंबर 548 निवासी अशोक गुप्ता पुत्र रमेश गुप्ता शाहगंज स्थित मंडी में किराना व्यवसायी है। रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे अशोक कुमार लखनऊ से सामान खरीदने के लिए बैग में सात लाख रुपये लेकर घर से निकला था। अशोक रिक्शे पर बैठकर रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहा था। रास्ते में गंदानाला रोड पर रिक्शा पहुंचा था तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंच गए। बाइक सवार बदमाशों ने रिक्शा रुकवा कर अशोक की बैग छीनने लगे। अशोक के विरोध करने पर बदमाशों ने एक तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर सटा दिया और बैग लूटकर फरार हो गए। अशोक जब तक कुछ समझ पाता एक अन्य युवक पैदल ही मौके पर पहुंचा और अशोक की पिटाई करने लगा। हल्लागुहार मचने पर युवक फरार हो गया। पीड़ित ने अलसुबह हुई लूट की घटना से परिवारीजनों के साथ ही पुलिस को सूचित किया। कोतवालीनगर से चंद कदम की दूरी पर व्यवसायी से हुई लूट की घटना से पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शहर के दर्जनों व्यवसायी व्यापारी नेता रवींद्र तिवारी के नेतृत्व में एकत्र होकर कुड़वार नाका स्थित पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंच गए। एसपी से मुलाकात नहीं होने पर व्यापारियों ने असंतोष जताया। इस बाबत नगर कोतवाल आरपी शाही ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर कई स्थ्ाानों की जांच कर रही है।