सुल्तानपुर। मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रहे एक अधेड़ मंगलवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आ गया। परिवारीजनों ने गंभीर रूप से जख्मी अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
कोतवाली नगर क्षेत्र के भुलकी गांव निवासी खुर्शीद आलम (55) मंगलवार की सुबह मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रहा था। सुल्तानपुर-पखरौली स्टेशन के बीच खुर्शीद यात्री गाड़ी की चपेट में आ गया। घटना में उसका एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवारीजनों एवं स्थानीय लोगों ने पहुंचकर खुर्शीद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अधेड़ की हालत नाजुक देख उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना से भुलकी गांव में कोहराम मच गया है। खुर्शीद के परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।