सुल्तानपुर। राजकीय इंटर कॉलेज समेत विभिन्न विभागों में निकली रिक्तियों के आवेदन में लगने वाले पोस्टल ऑर्डर व डिमांड ड्रॉफ्ट के लिए डाकघर व बैंकों में अभ्यर्थियों की कतारें लग रही हैं। पोस्टल ऑर्डर की मांग बढ़ने से डाकघर उसे पूरा नहीं कर पा रहे हैं। विभाग का कहना है कि डिमांड की तुलना में बहुत कम पोस्टल ऑर्डर की सप्लाई हो रही है। पोस्टल ऑर्डर नहीं मिलने से अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई है। राजकीय इंटर कॉलेज समेत विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के साथ बैंकों से डिमांड ड्रॉफ्ट व भारतीय पोस्टल ऑर्डर लगाना है। विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग रेट की डीडी व आईपीओ (इंडियन पोस्टल ऑर्डर) तय किया गया है। डाकघरों में पोस्टल ऑर्डर की किल्लत हो गई है। स्थिति ऐसी बनी है कि केवल प्रधान डाकघर में ही पोस्टल ऑर्डर मिल रहा है। डाकघर की अन्य शाखाओं में पोस्टल ऑर्डर नहीं मिल रहा है। पोस्टल ऑर्डर की मांग इतनी बढ़ गई है कि प्रधान डाकघर में प्रतिदिन सप्लाई होते ही दो-तीन घंटे में ये समाप्त हो जाते हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों की कतार बैंकों में लगने लगी है। डिमांड के मुताबिक केवल 10-15 प्रतिशत सप्लाई मिलने से डाकघर प्रशासन के सामने भी दिक्कत खड़ी हो गई है। प्रधान डाकघर में शनिवार को समाप्त हुए पोस्टल ऑर्डर की मांग के बाद सोमवार को सप्लाई हुई। पोस्टल ऑर्डर मिलते ही दो घंटे में फिर समाप्त हो गया। सूचना पट पर पोस्टल आर्डर स्टॉक में समाप्त होने की नोटिस को चस्पा कर दिया गया। पोस्टल ऑर्डर नहीं मिलने से अभ्यर्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।