सुल्तानपुर। मुंबई से लौटे एक व्यवसायी पर पांच युवकों ने हमला बोल दिया। व्यवसायी की पिटाई के बाद हमलावरों ने उससे 10 हजार रुपये भी लूट लिए। विरोध करने पर हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मारपीट व लूटपाट का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के पीछे रंजिश बताई जा रही है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के गारवपुर गांव निवासी निरंजन प्रसाद सिंह का बेटा संजय कुमार सिंह (30) मुंबई के कुर्ला में परचून की दुकान करता है। गुरुवार सुबह वह साकेत एक्सप्रेस से मुंबई से सुल्तानपुर पहुंचा था। सुबह करीब नौ बजे संजय रिक्शे पर बैठकर तिकोनिया पार्क की तरफ जा रहा था। तभी रास्ते में जिला पंचायत के सामने पांच युवकों ने उसे रिक्शे से खींच लिया। संजय जब तक कुछ भी समझता युवकों ने उस पर हंटर से हमला कर दिया। हमले में संजय को काफी चोटें आई। हमलावरों ने संजय की पिटाई के बाद उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपये भी लूट लिए। संजय के विरोध करने पर हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर कोतवाली नगर में इमरान निवासी गारवपुर, जाहिद व तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट व लूटपाट का मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात के पीछे रंजिश बताई जा रही है।