अमेठी। बेटपरी विद्युत आपूर्ति को लेकर मंगलवार दोपहर बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने उपकेंद्र पीठीपुर का घेराव कर विद्युत कर्मियों समेत जेई को बंधक लिया। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसओ ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। ग्रामीण अधिशाषी अभियंता को बुलाने की मांग पर अड़े थे।
ग्रामीणों ने मंगलवार दोपहर बाद विद्युत उपकेंद्र पीठीपुर का घेराव कर विद्युत कर्मियों को बंधक बना लिया। थोड़ी देर बाद उपकेंद्र पर पहुंचे जेई वीएस चौहान को भी ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। ग्रामीण रोस्टर के मुताबिक बिजली न मिलने से नाराज थे। जेई के बंधक बनाए जाने की जानकारी मिलते ही एसओ मो. हमीद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की नाकाम कोशिश की। जेई के यह कहने पर कि वह रोस्टर में सुधार करवा पाने में असमर्थ हैं ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीण अधिशाषी अभियंता को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। ग्रामीणों का प्रदर्शन देर शाम तक चलता रहा। समाचार भेजे जाने तक प्रदर्शन चल रहा था।