गौरीगंज। मुखबिर की सूचना पर जनपद पुलिस ने शुक्रवार को 500 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोचा। बरामद स्मैक की कीमत बाजार में छह लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार दोपहर पुलिस कार्यालय में एसपी ने मीडिया को बताया कि गुरुवार देर रात सर्विलांस स्वाट प्रभारी सुनील यादव को मुखबिर ने स्मैक की बड़ी खेप की जगदीशपुर में सप्लाई करने की जानकारी दी। सुनील की सूचना पर एसपी ने कोतवाल जगदीशपुर भरतराज सिंह को स्वाट प्रभारी से समन्वय स्थापित कर तस्करों को पकड़ने का निर्देश दिया। मुखबिर की सूचना पर दोनों टीमों ने मोहनगंज-जगदीशपुर मार्ग स्थित सरेसर गांव के समीप घेराबंदी की। सामने से आ रही एक बाइक पर सवार लोगों की शिनाख्त मुखबिर ने उन्हीं तस्करों के रूप में की। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब छह लाख बताई जा रही है। दोनों तस्करों की पहचान थाना कमरौली के सिंदुरवा गांव के अकरम व शहीम ऊर्फ पिंटू के रूप में की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर पकड़ी गई बाइक को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।