सुल्तानपुर। गन्ना किसानों को भी सरकार ने ईद के मौके पर तोहफा दिया है। सरकार ने गन्ना बकाया मूल्य भुगतान के लिए किसान सहकारी चीनी मिल को 12 करोड़ 86 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करा दी है। शासन से धनराशि मिलते ही डीएम ने किसानों के खाते में पैसा भेजने का निर्देश दिया है।
ईद के ठीक पहले सूबे की सरकार ने गन्ना किसानों को बकाए के भुगतान का तोहफा दिया है। सरकार के निर्देश पर शासन ने जिले के गन्ना किसानों के बकाए की धनराशि भुगतान करने के लिए 12 करोड़ 86 लाख 95 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए हैं। धनराशि जारी करते हुए शासन ने इसे ईद के पूर्व भुगतान का निर्देश दिया है। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी अदिति सिंह ने प्रधान प्रबंधक चीनी मिल को गन्ना किसानों के खाते में पैसा भेजने का निर्देश दिया है। प्रधान प्रबंधक ने बताया कि जिले में गन्ना किसानों का करीब 18 करोड़, दो लाख 71 हजार रुपये का बकाया चला आ रहा था। 12 करोड़ धनराशि मिलने के बाद अभी करीब छह करोड़ रुपये गन्ना किसानों का और बकाया रह जाएगा। शासन ने शेष बकाए की धनराशि भी जल्द अवमुक्त करने का आश्वासन दिया है।