सुल्तानपुर (ब्यूरो)। राजधानी एक्सप्रेस को एक फौजी ने शनिवार को चेनपुलिंग कर सुल्तानपुर जंक्शन पर रोक दिया। रेलवे पुलिस ने रेल संचालन बाधित करने के आरोप में फौजी को हिरासत में ले लिया। रेलवे पुलिस ने केस दर्ज कर फौजी के तैनाती स्थल को सूचना भेजी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोदेपुर का रियाज अहमद गुवाहाटी में फौज में तैनात है। वह गुवाहाटी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। शनिवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस के सुल्तानपुर स्टेशन से गुजरने के दौरान फौजी ने चेनपुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। अनधिकृत रूप से ट्रेन रोककर नीचे उतरने के दौरान रेलवे पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। फौजी के खिलाफ आरपीएफ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण ने बताया कि ट्रेन का सुल्तानपुर जंक्शन पर ठहराव नहीं है।