सुल्तानपुर। हावड़ा से वाराणसी के बीच चलने वाली साप्ताहिक यात्री गाड़ी का दिल्ली तक विस्तार कर दिया गया है। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर बढ़े यात्री दबाव के चलते रेल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। शुक्रवार को पहली बार यात्री गाड़ी सुल्तानपुर जंक्शन पहुंची। ट्रेन के एसी व सामान्य शयनयान में बुकिंग शुरू कर दी गई है।
अप 13119 व डाउन 13120 यात्री गाड़ी लंबे समय से हावड़ा-वाराणसी के बीच चल रही है। वाराणसी से लखनऊ के बीच अधिक यात्री संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन ने ट्रेन का दिल्ली तक विस्तार कर दिया है। अब यह गाड़ी सप्ताह में दो दिन हावड़ा-दिल्ली वाया सुल्तानपुर के बीच चलाई जाएगी। ट्रेन में चार जनरल कोच, स्लीपर कोच, एसी टू व थ्री टीयर लगाए गए हैं। सुल्तानपुर जंक्शन पर ट्रेन का ठहराव दो मिनट निर्धारित किया गया है। स्थानीय स्टेशन से दिल्ली जाने वाले यात्री सोमवार व शुक्रवार को एवं दिल्ली से सुल्तानपुर आने वाले यात्री मंगलवार व शनिवार को आरक्षण टिकट बुक करा सकते हैं। शुक्रवार को पहले दिन ट्रेन के सुल्तानपुर जंक्शन पहुंचने पर स्टेशन मास्टर व अन्य कर्मचारियों ने
स्वागत किया।