सुल्तानपुर (ब्यूरो)। चार दिनों से चल रहे अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार से दीवानी न्यायालय में न्यायिक कार्य ठप हो गया है। जेल में निरुद्ध आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई नहीं हो पा रही है।
बीते 24 जून को कलेक्ट्रेट गेट के पास बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव अशोक यादव और गोंड महासभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं मारपीट हो गई थी। 25 जून को जिला जज की कोर्ट में लंबित 25 जमानत अर्जी, 26 जून को 20 जमानत अर्जी और 27 जून को 26 जमानत अर्जी पर वकीलों के कार्य बहिष्कार के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। शुक्रवार को हुई बैठक में बार एसोसिएशन ने कार्य बहिष्कार समाप्त करने की घोषणा की थी। शनिवार को इवनिंग कोर्ट के विरोध में कार्य बहिष्कार पर रहने का प्रस्ताव पास किया गया। वही दूसरी ओर अपर जिला जज षष्टम् लालचंद्र को गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमों की सुनवाई का जिम्मा सौंपा गया है। जिला जज विंध्याचल प्रसाद श्रीवास्तव ने शनिवार को यह आदेश जारी किया है। हाल ही में एडीजे पंचम प्रमोद कुमार को आवश्यक वस्तु अधिनियम का प्रभार सौंपे जाने से अपर जिला जज पंचम की अदालत रिक्त हो गई है।