सुल्तानपुर। स्थानीय स्टेशन से शनिवार दोपहर नौ कोच की स्पेशल ट्रेन वाराणसी के लिए चलाई गई। स्टेशन अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन रवाना की। हाल्ट पर तैयारी समय से पूरी न होने पर स्पेशल पैसेंजर ट्रेन एक घंटे भदैंया स्टेशन पर खड़ी रही। नेमा-गोपालपुर हाल्ट पर व्यवस्था का जायजा लेने मंडल रेल प्रबंधक जगदीप राय शनिवार को लगातार दूसरे दिन पहुंचे। लखनऊ से सुल्तानपुर जंक्शन पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों ने स्पेशल ट्रेन चलाए जाने व तैयारियों की उन्हें जानकारी दी। करीब 20 मिनट बाद डीआरएम मंडलीय अधिकारियों के साथ नेमा-गोपालपुर हाल्ट की तरफ सड़क मार्ग से रवाना हो गए। दोपहर 2:10 बजे स्थानीय स्टेशन से नौ डिब्बे की स्पेशल पैसेंजर गाड़ी को स्टेशन अधीक्षक डीएन दुबे ने हरी झंडी दिखाई।