सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर रविवार को कोहरे की चादर से यात्री गाड़ियों की कतार लग गई। रूट पर लखनऊ से वाराणसी की ओर चार गाड़ियों के आगे-पीछे चलने से फरक्का व सद्भावना का संचालन आधे घंटे तक बाधित रहा। रेल ट्रैफिक जाम से चार से छह गाड़ियां पांच घंटे विलंब से सुल्तानपुर स्टेशन पहुंचीं। रूट पर रविवार को कोहरे की घनी चादर देखी गई। दोपहर तक धुंध बने रहने से परिचालन विभाग ने रेलगाड़ियों की रफ्तार कम कर दी। 90 से 110 किमी/घंटा की स्वीकृत रफ्तार नहीं मिलने से डाउन रूट की गाड़ियां पांच से छह घंटे लेट हो गईं। लखनऊ से वाराणसी की तरफ जाने वाली डाउन बेगमपुरा दोपहर 1.30 बजे, हरिहर एक्सप्रेस 2.0 बजे, पटना-मथुरा एक्सप्रेस 2.30 बजे व फरक्का एक्सप्रेस करीब 3.0 बजे स्टेशन पहुंची। रूट पर रेल ट्रैफिक जाम हो गया। इससे सद्भावना एक्सप्रेस आधे घंटे तक प्लेटफार्म तीन पर खड़ी रही। प्लेटफार्म खाली नहीं होने से फरक्का आधे घंटे तक होम सिग्नल पर बाधित रहा।