सुल्तानपुर। चुनौती बनी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में रविवार को प्रशासन व पुलिस के पसीने छूट गए। हालांकि कुछ केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचने एवं उसके वितरण में विलंब जरूर हुआ लेकिन उसे कंट्रोल कर लिया गया। परीक्षा को लेकर जिले में काफी गहमागहमी रही। शाम को उत्तर पुस्तिका जमा होने के बाद प्रशासन एवं पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान कई सेंटरों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत भी करनी पड़ी। रविवार को सुबह 11 बजे से शुरू पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए शनिवार से ही परीक्षार्थियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। रविवार को सुबह से ही सेंटरों पर भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। प्रशासन की व्यवस्था के बाद भी सुबह सेंटरों तक पहुंचने के लिए वाहनों का टोटा पड़ गया था। सभी रूटों की बसें व प्राइवेट वाहन ठसाठस भर कर गईं। ग्रामीण क्षेत्रों के सेंटरों पर परीक्षार्थियों को पहुंचने के लिए साधनों का अभाव दिखा। परीक्षार्थियों से साथ आए परिवारीजनों की वजह से सेंटरों पर भीड़ का दबाव अधिक बढ़ गया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर डंडे लहराने पड़े। एक बजे परीक्षा समाप्ति के बाद भी पुलिस को शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रभारी डीएम/मुख्य विकास अधिकारी श्रीकांत मिश्र ने दावा किया कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न हुई।