सुल्तानपुर। वाराणसी से सुल्तानपुर आने वाली दैनिक पैसेंजर में सोमवार की रात शरारती तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ की। यात्रियों के उपद्रव में सवारी गाड़ी के प्रवेश गेट, लोहे के शटर, शीशे टूटकर अलग हो गए। गार्ड व पार्सल कोच भी क्षतिग्रस्त हुए। गाड़ी के देर रात सुल्तानपुर जंक्शन पहुंचने पर घटना की जानकारी रेल कर्मचारियों को मिली। रेलवे सुरक्षा बल को दी गई सूचना के बाद भी मौके पर एक भी सिपाही नहीं पहुंचा। वाशिंग एवं फिटनेस के दौरान दो डिब्बे अधिक क्षतिग्रस्त पाए गए। जिस पर नौ डिब्बे की रैक से दो डिब्बे को अलग कर मंगलवार को सवारी गाड़ी लखनऊ के लिए रवाना की गई। घटना लंभुआ के नजदीकी स्टेशनों पर हुई बताई जा रही है। स्टेशन अधीक्षक डीएन दुबे ने बताया कि क्षतिग्रस्त डिब्बों को अलग कर गाड़ी को चलाया जा रहा है। उधर, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण ने बताया कि अभी अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है।