सुल्तानपुर। चार दिन पूर्व बारात गए एक युवक का शव कुएं में पाया गया। शव के पास मिले मोबाइल फोन से युवक की पहचान हुई। परिवारीजन बेटे की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
कुड़वार थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी इरफान उर्फ सब्बुल (20) पुत्र राहत हुसैन बीते पांच दिसंबर को इसी थाना क्षेत्र के पूरे बेनी माधव गांव निवासी रोहित पांडेय की बारात में शामिल होने के लिए जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के दलहूपुर (अकोही) गांव निवासी त्रियुगी नारायण मिश्र के घर गया था। दूसरे दिन बारात वापस लौट आई लेकिन इरफान घर नहीं पहुंचा था। परिवारीजन उसकी तलाश में जुटे थे। सोमवार की शाम ग्रामीणों ने दलहूपुर गांव के बाहर स्थित कुएं में एक शव उतराता देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकालकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक की जेब में एक मोबाइल फोन मिला। फोन में लगे सिम को दूसरे फोन में लगाकर पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक की शिनाख्त इरफान के रूप में हुई। परिवारीजनों ने शव की शिनाख्त की। परिवारीजनों ने इरफान की हत्या की आशंका जताई है। जयसिंहपुर कोतवाल मुबारक अली ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।