गौरीगंज। अविभाजित अमेठी जिले के 2090 शिक्षामित्रों की विभिन्न सेमेस्टर की परीक्षाएं अव्यवस्थाओं के बीच सोमवार से शुरू हो रही हैं। इंतजामों की स्थिति यह है कि परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व तक बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षामित्रों को प्रवेश पत्र नहीं मुहैया कराया जा सके हैं। इसके चलते शिक्षामित्रों को परीक्षा केंद्र तक पता नहीं चल पाया। ऐसे में परीक्षा को लेकर हंगामा होने की आशंका है।
अविभाजित अमेठी के सलोन, तिलोई, अमेठी, गौरीगंज और मुसाफिरखाना के कुल 2090 शिक्षामित्रों की परीक्षा 28, 29, 30 और 31 अक्तूबर को डायट प्राचार्य की ओर से निर्धारित केंद्रों पर होनी है। 28 अक्तूबर को दो पालियों में प्रथम सेमेस्टर के शिक्षामित्रों की और 29 अक्तूबर को दो पालियों में द्वितीय सेमेस्टर के शिक्षामित्रों की प्रथम और द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा होनी है। इसी तरह तृतीय सेमेस्टर के शिक्षामित्रों की परीक्षा 30 अक्तूबर तथा चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 31 अक्तूबर को आयोजित की जाएगी। इन परीक्षाओं में प्रथम चरण के तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर के 1006 और द्वितीय चरण के प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में कुल 1084 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना है। हालांकि इन परीक्षाओं के 36 घंटे पूर्व तक न तो बेसिक शिक्षा महकमा शिक्षामित्रों को प्रवेश पत्र मुहैया करा सका है और न ही जिम्मेदार लोग उन्हें परीक्षा देने के लिए केंद्र की जानकारी दे पा रहे हैं।