सुल्तानपुर। फॉल्ट ठीक कर रहा लाइनमैन गुरुवार को शटडाउन के दौरान आपूर्ति चालू कर दिए जाने से करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में लाइनमैन को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के लिए सब स्टेशन पर मौजूद विद्युत कर्मियों की लापरवाही को जिम्मेदार माना जा रहा है। लाइनमैन रामदुलार यादव (36) कुसेरा गांव में हाईटेंशन लाइन की फॉल्ट ठीक कर रहा था। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रायचंद्रपुर बरसड़ा गांव निवासी रामादुलार यादव लंभुआ विद्युत सब स्टेशन पर तैनात था। छपरे फीडर के कुसेला गांव में हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट थी। उसे ठीक करने के लिए रामदुलार सब स्टेशन से शटडाउन लेकर पोल पर चढ़ा था। फॉल्ट ठीक करते समय सब स्टेशन से अचानक विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे पोल पर चढ़े रामदुलार को करंट लग गया। वह नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। अधिशासी अभियंता (द्वितीय) चंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि लाइनमैन ने शटडाउन लिया था लेकिन बाद में उसे वापस कर दिया था। इसके बाद चलती लाइन में वह दोबारा फॉल्ट ठीक कर रहा था तभी करंट लग गया।