गौरीगंज। जहां एक ओर प्रदेश के कोने-कोने में स्टूडेंट्स को लैपटॉप बांटा जा रहा है वहीं गौरीगंज का एक कॉलेज ऐसा भी है जहां के 186 छात्र-छात्राओं को अब मायूस ही होना पड़ेगा। चकताहिरपुर नंदग्राम जायस में संचालित पंकज माहेश्वरी स्मृति महाविद्यालय के सूचीबद्ध छात्र-छात्राओं को लैपटॉप नहीं मिल सकेगा। डीआईओएस ने यह निर्णय कुलसचिव छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर की ओर से विद्यालय की मान्यता समाप्त होने की सूचना के बाद लिया है। नंदग्राम जायस में संचालित पंकज माहेश्वरी स्मृति महाविद्यालय में वर्ष 2012-13 में स्नातक प्रथम वर्ष में पंजीकृत सभी 186 छात्र-छात्राओं को अब लैपटॉप से वंचित रहना पड़ेगा। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने यह निर्णय कानपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से भेजी गई सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर लिया है। डीआईओएस की ओर से कॉलेज के संबंध में मांगी गई सूचना के जवाब में कुलसचिव ने कहा है कि महाविद्यालय को स्तानक स्तर पर कला संकाय के विषयों में 30 जून वर्ष 2012 तक संबद्धता प्रदान की गई थी। इसके बाद संबद्धता विस्तारण प्रस्ताव विश्वविद्यालय को प्राप्त न होने पर विद्यालय में पंजीकृत छात्र-छात्राओं की 2012-13 की परीक्षा नहीं कराई गई। यह भी कहा है कि सत्र 2013-14 में विद्यालय की संबद्धता और मान्यता विश्वविद्यालय से नहीं है। यूनिवर्सिटी की सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित महाविद्यालय के प्रबंधक/प्राचार्य को पत्र भेजकर लैपटॉप के लिए चयनित छात्रों को अपात्र करार दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा है कि चूंकि महाविद्यालय की मान्यता व संबद्धता समाप्त हो चुकी है इसलिए उनके यहां कॉलेज के सूचीबद्ध छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरण हेतु निर्गत विभागीय आदेश और शासनादेश के अनुसार लैपटॉप देना संभव नहीं है।