कूरेभार (सुल्तानपुर)। लोकेपुर सेइया गांव में मंगलवार दोपहर एक मकान से उठी चिंगारी ने सात घरों को जलाकर राख कर दिया। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
कूरेभार के लोकेपुर सेइया गांव निवासी बैजनाथ विश्वकर्मा के कच्चे मकान में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना अग्निशमन कर्मियों को दी। इस बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने राम लखन वर्मा, रामशंकर वर्मा, रमाशंकर श्रीवास्तव, राजेश विश्वकर्मा, पवन विश्वकर्मा और मुकेश विश्वकर्मा के मकान को भी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड की सूचना पाकर हलका लेखपाल मौके पर पहुंचा। लेखपाल ने नुकसान का जायजा लिया है।
इस बाबत अग्निशमन अधिकारी कैलाश चंद्रा ने बताया कि अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।