गौरीगंज। शासन के एक निर्णय से जिले के उन 131 गांवों के किसानों को होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी, जहां चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर शासन ने चकबंदी के दौरान ऐसे किसानों के चकों से यथासंभव छेड़छाड़ न करने को कहा है, जिनके पास एक या दो चक ही हों। साथ ही रकबा संशोधन पर अनिवार्य रूप से नक्शा दुरुस्त करने का भी आदेश दिया है।
जिले की गौरीगंज तहसील के 39, सलोन के 57, अमेठी के 33 और मुसाफिरखाना के दो गांवों में चकबंदी चल रही है। जिन गांवों में चकबंदी हो रही है वहां के किसान चकबंदी विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी से परेशान हैं। हालांकि लगातार मिल रही शिकायतों से आजिज शासन द्वारा लिए गए एक निर्णय के बाद उन्हें परेशानी से निजात मिलने की उम्मीद जरूर बंधी है। शासन से जारी नए दिशा निर्देशों का प्रभावी अनुपालन हुआ तो विभागीय कर्मी ऐसे किसानों की चकों को यथावत बनाए रखने के लिए बाध्य होंगे जिनके पास एक या दो चक हों। परिवर्तन आवश्यक होने पर चक उसी सेक्टर में दिया जाएगा, जिसमें उसकी मूल चक होगी। इसके अलावा रकबा संशोधन के बाद नक्शा दुरुस्त करने को भी अनिवार्य बना दिया गया है। शासन के निर्देश पर प्रदेश के चकबंदी आयुक्त द्वारा भेजा गया पत्र उप संचालक चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी का प्राप्त भी हो चुका है।