गौरीगंज। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के जयंती समारोह में शामिल होने जा रही एक महिला गुरुवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है। स्थानीय थाने के ओरीपुर गांव निवासी राम समुझ की 55 वर्षीय पत्नी शिवकला भारतीय किसान यूनियन की कार्यकर्ता हैं। गुरुवार को वे यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के जयंती समारोह में शामिल होने मुजफ्फरपुर जाने के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंचीं। तब तक वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म छोड़ चुकी थी। उन्होंने रफ्तार पकड़ चुकी ट्रेन पकड़ने की कोशिश की तो प्लेटफॉर्म और ट्रेन के नीचे गिर पड़ीं। उन्हें गिरते देख कुछ लोगों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और उन्हें बाहर निकाला। ट्रेन की चपेट में आने से शिवकला गंभीर रूप से घायल थीं। शिवकला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।