सुल्तानपुर। मौनी अमावस्या पर सोमवार को प्रयागराज में होने वाले स्नान को लेकर रेलवे ने दो दिनों के लिए अयोध्या व प्रयागराज के बीच आठ कुंभ स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रविवार को अयोध्या से प्रयागराज के लिए दिन भर स्पेशल ट्रेनें संचालित की गईं। सोमवार को ये ट्रेनें प्रयागराज से वापसी करेंगी।
पहले दिन रविवार को प्रयागराज जाने के लिए अयोध्या से आठ ट्रेनें रवाना की गईं। सुबह छह बजे से लेकर रात आठ बजे तक हर घंटे पर एक ट्रेन का समय निर्धारित था। प्रयागराज जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्घालुओं का रेला उमड़ा। हालांकि कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन विलंब से होने के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को प्रयागराज से सुबह 9.30 बजे पहली स्पेशल ट्रेन रवाना वापसी करेगी।
यह ट्रेेन सुल्तानपुर स्टेशन पर करीब 11.30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अन्य ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना ने बताया कि सोमवार को प्रयागराज से वापसी में आठ ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। स्पेशल ट्रेनों के आवाजाही के समय भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से आरपीएफ व जीआरपी भी मौजूद रहेगी।
कुंभ के लिए लगाई गईं 92 बसें
सुल्तानपुर। कुंभ स्नान के लिए जाने वाले श्रद्घालुओं की सुविधा को लेकर परिवहन निगम ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के डिपो की 66 बसों को श्रद्घालुओं के लिए लगाया गया है। अमरोहा डिपो की 26 बसों को भी श्रद्घालुओं के लिए मंगाया गया है। जिला मुख्यालय के साथ ही कादीपुर, फैजाबाद, जलालपुर समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों से श्रद्घालुओं को लेकर बसें रविवार को कुंभ के लिए रवाना हुईं। एआरएम अरविंद यादव ने बताया कि सुल्तानपुुर व अमरोहा डिपो की 92 बसें कुंभ मेलार्थियों के लिए लगाई गई हैं। इसके अलावा सुल्तानपुर डिपो की 15 बसें कुंभ में शटल सेवा में भेजी गई हैं।