परिषदीय स्कूलों के बच्चों
को जल्द मिलेगा यूनिफार्म
क्रासर
विद्यालयों के खातों में भेजा गया 5.08 करोड़
वितरण कर उपभोग प्रमाण पत्र देने का आदेश
वितरण में गड़बड़ी पर कार्रवाई का अल्टीमेटम
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को जल्द ही सर्व शिक्षा अभियान के तहत निशुल्क यूनिफार्म वितरित किया जाएगा। वितरण कार्य समय से पूरा हो सके इसके लिए शासन से 5.08 करोड़ रुपये आवंटित होने के बाद बीएसए ने छात्र संख्या के अनुपात में विद्यालयों के खाते में धनराशि भेजते हुए नियमानुसार यूनिफार्म वितरण करने का आदेश जारी किया है। वितरण में गड़बड़ी व उपभोग प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं होने की स्थिति में कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
शासन के आदेश पर बेसिक शिक्षा महकमा इन दिनों राजकीय/अनुदानित, परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों में अध्यनरत बच्चों को दो-दो सेट यूनिफार्म जल्द वितरित करने की कवायद में जुटा है। कवायद सफल हो सके इसके लिए परिषदीय विद्यालय में अध्ययनरत 1,39,363 बच्चों तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत 30,282 बच्चों में ड्रेस वितरित करने के लिए शासन से बीते दिनों 400 रुपये प्रति छात्र की दर से 6,78,58,000 रुपये के सापेक्ष पहली किस्त 75 प्रतिशत (300 रुपये) 5,08,93,500 रुपये आवंटित किया था। धनावंटन के बाद बीएसए राजकुमार पंडित ने छात्र संख्या के अनुपात में विद्यालयों के खाते में धनराशि भेजते हुए सभी को शासन की गाइड लाइन के अनुसार यूनिफार्म वितरण करने का आदेश दिया है। पत्र में शासन के नियमानुसार ड्रेस वितरण कर उपभोग प्रमाण पत्र जमा करने का भी आदेश दिया गया है। बीएसए ने गाइड लाइन के अनुसार ड्रेस वितरण नहीं होने तथा वितरण के बाद उपभोग प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं होने पर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।