करौंदीकला। हरीपुर स्थित राजकीय बीज गोदाम पर बृहस्पतिवार को किसानों ने हंगामा किया। उन्होंने गेहूं के बीज की निर्धारित कीमत से 90 रुपये अधिक वसूली का आरोप लगाया। किसानों के अनुसार, 960 रुपये निर्धारित कीमत वाले गेहूं के बीज के लिए 1050 रुपये लिए जा रहे थे। उन्होंने चना, सरसों और मसूर के बीज उपलब्ध न होने की भी शिकायत की।
विज्ञापन
जगदंबा उपाध्याय, नागेंद्र मिश्र, जियालाल वर्मा और ओमप्रकाश सहित कई किसानों ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह अतिरिक्त वसूली किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। किसानों ने निर्धारित दर पर बीज बिक्री और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। जिला कृषि अधिकारी राजपति शुक्ल ने आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक धनराशि वसूली की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।