कांग्रेस ने किया देश तोड़ने की बात करने वाले यासीन मलिक का समर्थन: स्मृति ईरानी
जगदीशपुर। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को यासीन मलिक को लेकर कांग्रेस को घेरा। कहा कि जिस व्यक्ति ने कश्मीर में पंडितों का खून किया, वायुसेना के चार अधिकारियों को मौत के घाट उतारा और जो व्यक्ति हिंदुस्तान से कश्मीर को हटाकर पाकिस्तान में जोड़ने की बात करता है। ऐसे यासीन मलिक का कांग्रेस पार्टी ने समर्थन किया है। वह क्षेत्र के कटारी गांव में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहीं थीं।
स्मृति ईरानी ने कहा कि देश में हिंदू-मुसलमान दोनों रहते हैं। यहां के संविधान ने सभी को बांध रखा है। आज हिंदुस्तान का नागरिक एक सुर में कहता है कि दूध मांगोगे तो खीर देंगे, कश्मीर मांगोगे तो चीर देंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमेठी सांसद राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि 15 साल से लापता सांसद को यहां के गरीब बहू-बेटियों के आबरू की चिंता नहीं है। इसकी चिंता नरेंद्र मोदी ने करके अमेठी में दो लाख गरीब परिवारों के लिए शौचालय बनवाने का काम किया है। अमेठी के डेढ़ लाख गरीब परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में गैस सिलेंडर दिया है। किसान सम्मान योजना के तहत किसानों के खाते में दो हजार रुपये की दो आए हैं।