137 स्कूली बच्चों को मिली यूनिफॉर्म
फोटो संख्या-1
अमर उजाला ब्यूरो
बाजार शुकुल। क्षेत्र के तकिया बदलगढ़ प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को यूनिफॉर्म वितरित की गई। नई ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
प्रधानाध्यापक कृष्णकुमार मिश्र की देखरेख में ग्राम प्रधान रनबहादुर यादव ने बतौर मुख्य अतिथि विद्यालय के 137 बच्चों को निशुल्क यूनिफॉर्म वितरित किया। ग्राम प्रधान ने बच्चों से कहा कि वे प्रतिदिन यूनिफॉर्म में ही विद्यालय आएं। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामभवन ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान समय में पंजीकृत 170 बच्चों के सापेक्ष 137 बच्चों के यूनिफॉर्म क्रय हेतु 75 प्रतिशत धनराशि विभाग से प्राप्त हुई है। शेष 33 बच्चों के यूनिफॅार्म की धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। इस मौके पर विद्यालय के सहायक अध्यापक राजकुमार जायसवाल, उमेश पटेल, किरन सिंह, आशमांबानो, शफीकुन निशा व रेखा पाल मौजूद रहीं।
उधर जयसिंहपुर क्षेत्र के सिकरा गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को यूनिफॉर्म वितरण का आयोजन किया गया। विद्यालय में पंजीकृत 81 बच्चों को नई ड्रेस वितरित की गई। मुख्य अतिथि खंड शिक्षाधिकारी पंकज यादव की उपस्थिति में बच्चों को यूनिफॉर्म वितरित की गई। इस मौके पर प्रधानाध्यापक विक्रांत सिंह, सुभाष वर्मा, छोटेलाल यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।