अंधेरे में नहीं दिखा बिजली का तार, हाथी व महावत की मौत
सुल्तानपुर। अल्लीपुर बाजार के पास सड़क किनारे सोमवार की देर रात एक हाथी का सिर हाईटेंशन लाइन के तार से छू गया, जिससे हाथी और उस पर सवार महावत की मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह सूचना के बाद पहुंचे डीएफओ ने तीन चिकित्सकों के पैनल से हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराकर दफनवा दिया।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बनी गांव निवासी सिद्व प्रसाद पांडेय ने हाथी पाला था। हाथी की देखरेख शेर बहादुर (50) पुत्र छोटू निवासी पहाड़पुर थाना चिरइया कोट जिला मऊ करता था। शेर बहादुर हाथी को शादी समारोह में भी ले जाता था।
सोमवार को अखंडनगर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी अभिषेक मिश्र की बेटी की शादी थी। अभिषेक मिश्र के घर हाथी के साथ शेर बहादुर पहुंचा था।
शादी समारोह में शामिल होने के बाद रात करीब डेढ़ बजे शेर बहादुर हाथी के साथ वापस लौट रहा था। रास्ते में अखंडनगर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बाजार के पास दोनों पहुंचे थे कि सड़क किनारे से गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार से हाथी का सिर छू गया।
इससे मौके पर ही हाथी और उस पर सवार महावत शेर बहादुर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस के साथ ही डीएफओ आरके सिंह को दी।
मंगलवार की सुबह पहुंचे डीएफओ ने तीन चिकित्सकों के पैनल से हाथी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। वहीं, शेर बहादुर के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
डीएफओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद हाथी के शव को दफनवा दिया गया। सिद्ध प्रसाद पांडेय ने चार साल पहले हाथी खरीदा था। उन्होंने हाथी रखने की अनुमति ली थी।
वन संरक्षक अयोध्या केसी वाजपेयी ने बताया कि हाथी रखने के लिए वाइल्ड लाइफ मुख्यालय से अनुमति लेनी पड़ती है। बिना अनुमति के हाथी पालना अवैधानिक है।