सोशल मीडिया पर भारत माता पर अश्लील टिप्पणी मामले में केस दर्ज
क्रासर
पांच नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन कर पुलिस को सौंपी थी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। इंग्लैंड में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में पाकिस्तान की जीत पर कुछ शरारतीतत्वों की ओर से सोशल साइट पर किए गए पाकिस्तान के समर्थन व भारत विरोधी टिप्पणी मामले में पुलिस ने भाजयुमो के जिला मंत्री की तहरीर पर पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच 18 जून को क्रिकेट मैच खेला गया था। मैच में भारत की हार के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने भारत विरोधी नारे लगाए थे। पाकिस्तान का समर्थन किया था। पिछले मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस पार्टी के फ्रंटल संगठनों के नेताओं ने एक मंच पर साथ आकर प्रदर्शन किया था। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने वकार हाशमी, साहिल सिद्दीकी, मोहम्मद हसन, आतिफ खान, राजा जुनैद खान निवासी शहर कोतवाली नगर और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ धारा 153 बी और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधित) अधिनियम 2008 की धारा 66 के तहत केस दर्ज किया गया है। नगर कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।