सुल्तानपुर। जिला अस्पताल के दो चिकित्सक व ब्लड बैंक के डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत 71 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद ब्लड बैंक को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक व डाटा एंट्री ऑपरेटर के संपर्क में आए लोगों को सैंपलिंग कराने को कहा गया है। इलाज के दौरान लखनऊ में दो संक्रमित मरीजों की मौत हो गई।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को कराए गए एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को कराए गए 1570 लोगों के एंटीजन टेस्ट में 71 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में जिला अस्पताल के हड्डी रोग के दो चिकित्सक भी शामिल हैं।
इसके साथ ही जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कार्यरत एक डाटा एंट्री ऑपरेटर भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ब्लड बैंक 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। डॉक्टर व डाटा एंट्री ऑपरेटर के संपर्क में आए लोगों को टेस्ट कराने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है।
जिले में अब संक्रमितों की संख्या 1174 हो गई है। सीएमओ के मुताबिक, इलाज के दौरान दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। इसमें अखंडनगर के ग्राम भैरवपुर निवासी 63 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद व शहर के लक्ष्मणपुर निवासी 54 वर्षीय शीला शर्मा पत्नी रामशंकर शर्मा शामिल हैं।
गंभीर बीमारी से पीड़ित राजेंद्र प्रसाद का कई वर्ष से लखनऊ में इलाज चल रहा था। ट्रूनेट जांच में कोरोना पॉजिटिव मिलीं शीला शर्मा की जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 22 हो गई है। कोविड केयर सेंटर में भर्ती 11 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।