सुल्तानपुर। सात विकास खंड क्षेत्रों में लंपी बीमारी से 71 पशु पीड़ित पाए गए। बुधवार को समीक्षा में प्रकरण आने के बाद दूसरे जिले व प्रदेश से पशुओं को ले आने पर लगी रोक को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही बचाव में पशुओं का तेजी से टीकाकरण कराने को कहा गया है।
पशुओं में फैल रही लंपी बीमारी को लेकर विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम जसजीत कौर ने स्थिति की जानकारी ली। सात विकास खंड क्षेत्रों में 71 पशुओं के लंपी से ग्रस्त पाए जाने पर डीएम ने ऐसे पशुओं को अलग रखवाने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
अभी तक किसी पशु की मौत से इंकार किया गया। इसके साथ ही संक्रमण को देखते हुए दूसरे जिलाें से पशुओं के लाने पर लगी रोक को प्रभावी बनाने के लिए चेकपोस्ट की चेकिंग कड़ी करने का निर्देश दिया गया। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पशु चिकित्सकों को अपने क्षेत्रों में बैठक करके लोगों को जागरूक करने को कहा गया।
उन्होंने मृत पशुओं को आठ फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफनाने का निर्देश दिया। इसके पहले डीएम व सीडीओ अंकुर कौशिक ने कलेक्ट्रेट से पोषण रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहर के तिकोनिया पार्क में समाप्त हुई। रैली में लोगों को जागरूकता का संदेश दिया गया। रैली में आंगनबाडी कार्यकर्ताओं समेत अन्य शामिल रहीं।