लोहिया आवासों के निर्माण को लेकर जल्दबाजी में दिख रही प्रदेश सरकार की मंशा फिलहाल अक्तूबर माह तक पूरी होने के आसार नहीं है। इसके पीछे की वजह समय से लक्ष्य का न मिलना है। पात्रों के चयन का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
हाल ही में शासन ने 707 लोहिया आवासों के निर्माण का लक्ष्य दिया है। बीते वित्तीय वर्ष के इतने ही लोहिया आवासों का कार्य अभी भी चल रहा है। चुनावी वर्ष को देखते हुए प्रदेश सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लोहिया आवासों का निर्माण अक्तूबर माह तक पूरा कराने का निर्देश दिया है, लेकिन लक्ष्य के विलंब से मिलने के कारण पात्रों का चयन अभी नहीं हो सका है।
ऐसे में इतने कम समय में आवास कैसे तैयार हो पाएंगे। सूत्रों के मुताबिक पात्रों के चयन में ही कम से कम एक माह का समय लगने की संभावना है। इसके बाद पात्रों के खाते में धनराशि भेजी जाएगी।
धनराशि मिलने के बाद ही निर्माण शुरू हो सकेगा। विलंब से चल रही प्रक्रिया को देखते हुए इसका निर्माण विधानसभा चुनाव के बाद ही पूरा होने की संभावना जताई जा रही है।