सुल्तानपुर। शहर के लक्ष्मणपुर पुलिस चौकी के सिपाही व विकास विभाग के कर्मचारी समेत जिले में 68 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में शहर के साथ संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ गई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की स्थिति के मुताबिक उन्हें आइसोलेट करने के बाद शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया है। इलाज के दौरान दो मरीजों की मौत हो गई है।
जिले में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जारी रिपोर्ट में जिले में 68 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। नए मरीज मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2400 के करीब पहुंच गई है। डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में 14 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। विभिन्न पोर्टल पर नौ मरीज अंकित किए गए हैं।
जिले में कराए गए एंटीजन टेस्ट में 42 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला अस्पताल में कराई गई ट्रूनेट जांच में तीन में संक्रमण की पुष्टि हुई है। शहर के लक्ष्मणपुर पुलिस का एक सिपाही व दोस्तपुर थाने का एक ड्राइवर संक्रमित मिला है। थाने के ड्राइवर के संक्रमित मिलने पर एसपी के आदेश पर थाने को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है।
सैनिटाइज कराने के बाद फिर थाने का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही शहर के सिविल लाइंस, बढ़ैयावीर, निरालानगर, विवेकनगर, गल्लामंडी, नमक मंडी, दरियापुर, खैराबाद व शास्त्रीनगर में भी कई लोग संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कुछ मरीजों को घर पर आइसालेट करते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है।
इधर, इलाज के दौरान दो संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर डीएम ने सीएमओ से संबंधित मृतकों की ऑडिट रिपोर्ट मांगी है। दो मरीजों की मौत के बाद जिले में मृतकों की संख्या 37 हो गई है।