सुल्तानपुर। जिले के नवनिर्वाचित 643 ग्राम प्रधान 25 व 26 मई को शपथ ग्रहण करेंगे। शासन ने गांव की सरकार के गठन के लिए तिथि जारी कर दी है। शपथ ग्रहण के बाद 27 मई को पहली बैठक के बाद ही गांव की सरकार अस्तित्व में आ जाएगी।
शासन से घोषित तिथि पर जिले के 336 ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे। निर्वाचित पांच ग्राम प्रधानों की मृत्यु व अन्य में सदस्य संख्या पूरी नहीं होने की वजह से 336 का गठन नहीं हो पा रहा है। शासन के आदेश पर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
27 मई को पहली बैठक के बाद ही गांव की सरकार अस्तित्व में आ जाएगी। शासन ने पंचायत चुनाव के बाद ग्राम प्रधानों व सदस्यों के शपथ ग्रहण व पहली बैठक की तिथि का निर्धारण कर दिया है।
शासनादेश के मुताबिक 25 व 26 मई को कोरोना गाइडलाइन के तहत ग्राम प्रधानों व सदस्यों को वर्चुअल तरीके से नामित अधिकारियों की मौजूदगी में शपथ दिलाई जाएगी। शासनादेश जारी होने के बाद जिला प्रशासन 25 व 26 मई को शपथ दिलाने की तैयारी में जुट गया है।
जिले में 979 ग्राम पंचायतों में 643 ग्राम प्रधान ही 25 व 26 मई को शपथ ले सकेंगे। सार्वजनिक स्थल पर ग्राम प्रधानों व सदस्यों का शपथ ग्रहण कराने के लिए प्रशासन ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिया है। इसके साथ ही जिला मजिस्ट्रेट रवीश गुप्ता ने अधिकारियों को नामित करने के लिए सूची मांगी है।
336 ग्राम पंचायतों का नहीं हो सकेगा गठन
जिले की 979 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन के बाद भी 336 ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे। प्रधानों के चुनाव के बाद पांच निर्वाचित ग्राम प्रधानों की मौत हो गई। इसमें दोस्तपुर विकास खंड के मुरैनी, मुस्तफाबाद सरैया, धनपतगंज विकास खंड के कनेहटी व ब्राहिमपुर व कुड़वार ब्लॉक की कुड़वार ग्राम पंचायत के प्रधान शामिल हैं।
निर्वाचित प्रधानों की मौत की वजह से सीट खाली होने से इन ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण नहीं हो सकेगा। इसके साथ ही 331 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायतों के गठन के लिए निर्धारित दो तिहाई निर्वाचित सदस्यों का मानक पूरा नहीं हो पा रहा है। मानक पूरा नहीं होने की वजह से निर्वाचित होने के बाद भी 331 पंचायतों में ग्राम पंचायतों को गठन नहीं हो सकेगा। इसकी वजह इन ग्राम पंचायतों के प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे।
शासन से ग्राम प्रधानों व सदस्यों के शपथ व पहली बैठक की तिथि निर्धारित कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार शपथ कार्यक्रम व पहली बैठक की तैयारी शुरू कर दी गई है। कोरोना गाइडलाइन के तहत कार्यक्रम कराया जाएगा।
- आरके भारती, जिला पंचायतराज अधिकारी