फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री से पहले अमेठी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री की रैली में जुटेगी सवा लाख भीड़
विज्ञापन



गौरीगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन मार्च को प्रस्तावित दौरे से पहले बृहस्पतिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ जनसभा स्थल का निरीक्षण करने कौहार पहुंचे।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व कई मंत्रियों के साथ कौहार पहुंचे सीएम ने कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान मिली खामियों व व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
विज्ञापन



इसके बाद सीएम ने परिसर में ही प्रशासनिक अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनसभा को लेकर अब तक की गई तैयारियों की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की। जिले के प्रभारी मंत्री को प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक कर व्यवस्था को अंतिम रूप देने को कहा।


तीन मार्च को गौरीगंज के कौहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा होनी है। जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कौहार पहुंचे। यहां बनाए गए अस्थाई हैलीपैड पर पहले सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।


यहां से सीएम कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां सबसे पहले कार्यक्रम स्थल के ले-आउट को देखकर प्रभारी डीएम प्रभुनाथ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने निर्माणाधीन मंच पर जाकर पूरे परिसर को देखा।


मंच तक के रास्ते की उबड़-ख़ाबड़ भूमि को पूरी तरह समतल कराने के बाद दोबारा मैट बिछाने का निर्देश दिया। सीएम ने रूटवार पार्किंग, पेयजल व जलपान के साथ ही प्रसाधन व भीड़ रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।


इसी परिसर में सीएम ने पार्टी पदाधिकारियों व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। सीएम ने विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को अब तक की तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत करने को कहा।


सभी विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों ने कार्यक्रम में आने वाले वाहनों व भीड़ की संख्या बताई। प्रदेश अध्यक्ष ने सवा लाख भीड़ की क्षमता वाले मैदान में 70 हजार भीड़ की ही व्यवस्था पर चिंता जताते हुए इसे भरने का निर्देश दिया।


सीएम ने प्रदेश से कार्यक्रम प्रभारी बनाए गए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल राजा बाबू को जनपद के आसपास की विधानसभा क्षेत्रों से भीड़ लाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी।


सीएम ने जिला प्रशासन को शासन की ओर से संचालित योजनाओं (विशेषकर आयुष्मान भारत व पीएम किसान सम्मान निधि योजना) की होर्डिंग्स जिले के प्रत्येक गांव में सूचना विभाग के साथ मिलकर लगवाने का निर्देश दिया।


सीएम ने कहा कि पीएम की जनसभा को प्रभावी व सफल बनाने के लिए क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग, अधिवक्ता, व्यापारी, चिकित्सक समेत अन्य समाजसेवी संगठनों से वार्ता कर उन्हें कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित करें।


सीएम ने कहा कि पीएम की ओर से कई परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने पार्टी नेताओं को जिस क्षेत्र का लोकार्पण व शिलान्यास हो रहा है वहां के प्रत्येक घर से एक व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल तक लाने का निर्देश दिया।


सीएम ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना व पीएम किसान सम्मान निधि योजना देश की तस्वीर व तकदीर बदलने वाली साबित होगी। इससे हर गरीब व किसान की सूरत बदल जाएगी। कहा कि कार्यकर्ता जगह-जगह संवाद कर ऐसी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें।


सीएम ने कहा कि 1998 के बाद से भाजपा अमेठी लोकसभा से चुनाव नहीं जीत सकी। कहा कि हम अमेठी से भी जीत सकते हैं। संभावनाएं बहुत हैं लेकिन इसके लिए लक्ष्य निर्धारित करना होगा।


सीएम ने विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे पीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दोबारा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करें। अफसर इसके लिए उनकी पूरी मदद करेंगे। इसका निर्देश पूर्व में ही दिया जा चुका है।


सीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों को पार्किंग स्थल के साथ ही सभा स्थल के समीप पर्याप्त मात्रा में मोबाइल प्रसाधन व पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। सीएम ने अफसरों को माइक, मंच व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया।


कहा कि किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। भीड़ की अधिकता व कार्यक्रम स्थल पर आने के लिए सिंगल रोड होने से यातायात व्यवस्था पर बेहतर तैयारी की जाए। सीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।


गौरीगंज सीएम योगी आदित्यनाथ को किसान यूनियन जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्र ने तीन सूत्री मांगपत्र दिया। प्रमोद ने मांगपत्र में जिले में खंड 49 नहर का दफ्तर खोलने, छुट्टा जानवरों से निजात दिलाने तथा अमेठी शहर के ककवा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने के लिए जिला प्रशासन से एनओसी रिलीज कराने की मांग की है।


कौहार के बाद अपराह्न 12:35 बजे सीएम योगी प्रदेश अध्यक्ष एमपी पांडेय व अन्य मंत्रियों के साथ शहर के गुरुकुल ज्ञान एकेडमी पहुंचे। जहां मेरा बूथ सबसे मजबूत महासंवाद कार्यक्रम में उन्होंने लगातार 1:50 बजे तक पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पीएम नरेंद्र मोदी को लाइव सुना।
विज्ञापन



इस दौरान सीएम पूरी तरह ध्यानमग्न रहे। पीएम का संबोधन समाप्त होते ही सीएम अन्य नेताओं के साथ बाहर निकले और कौहार के रास्ते लखनऊ रवाना हो गए।


सीएम के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा, राज्यमंत्री सुरेश पासी, तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह, अमेठी विधायक गरिमा सिंह, सलोन विधायक दल बहादुर कोरी, काशी प्रांत महामंत्री काशी प्रसाद तिवारी, पूर्व विधायक तेजभान सिंह, उमाशंकर पांडेय, उमाशंकर तिवारी, डॉ. अनिल त्रिपाठी, महेश सिंह, सौरभ पांडेय, सुधांशु शुक्ल, विषुव मिश्र, रामप्रसाद मिश्र समेत बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें