जांची जाएगी आंगनबाड़ी
केंद्रों की निर्माण प्रगति
क्रासर
तकनीकी टीम करेगी निर्माण कार्यों का सत्यापन
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। शासन से पिछले वित्तीय वर्ष में स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रगति जांचने के लिए डीएम ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। डीएम ने सभी एसडीएम की अगुवाई में लोक निर्माण विभाग व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तकनीकी टीम का गठन किया है। डीएम ने गठित टीम को निर्मित केंद्रों का निरीक्षण कर निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की रिपोर्ट देने का आदेश जारी किया है।
गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी करने व उन्हें समय से पोषाहार वितरित करने के लिए निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों की हकीकत व निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की जांच के लिए विशेष अभियान चलेगा। डीएम योगेश कुमार ने की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया है। डीएम ने गठित टीम को अपने-अपने क्षेत्र के निर्मित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का सात दिन में निरीक्षण कर निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की तकनीकि जांच करवाने का आदेश दिया है। आदेश में डीएम ने जांच के दौरान निर्माण कार्य शुरू नहीं होने तथा प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता खराब मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।