छात्रा से पंखा झलवाते
मिलीं शिक्षिका, सस्पेंड
क्रासर
बीएसए के निरीक्षण में खुली बेसिक शिक्षा व्यवस्था की पोल
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में छात्रा से पंखा झलवाती मिलीं शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया। साथ ही विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापिका समेत दो शिक्षिकाओं का वेतन भी रोका गया है।
मंगलवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह एवं खंड शिक्षाधिकारी एसबी सिंह दूबेपुर विकासखंड क्षेत्र के विद्यालयों के निरीक्षण के लिए निकले थे। क्षेत्र के धरमैतेपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय जब बीएसए पहुंचे तो यहां कार्यरत सहायक अध्यापिका विद्यावती एक छात्रा से पंखा झलवाते हुए कुर्सी पर आराम करते पाई गईं। प्रधानाध्यापिका आशाकुमारी भी दूसरे कक्ष में बैठी थीं, जबकि एक अन्य सहायक अध्यापिका कुमुदिनी उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर गायब थीं। बीएसए ने छात्रा से पंखा झलवाने के आरोप में सहायक अध्यापिका विद्यावती को निलंबित कर दिया। साथ ही विद्यालय में नामांकित 46 के सापेक्ष 22 बच्चों की उपस्थिति तथा पैसा आवंटित होने के बावजूद भी यूनिफॉर्म वितरण नहीं करने के आरोप में प्रधानाध्यापिका आशाकुमारी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया। हस्ताक्षर कर विद्यालय से गायब रहने वाली शिक्षिका कुमुदिनी का भी वेतन रोककर स्पष्टीकरण मांगा गया है।